टीलामोड़ थानाक्षेत्र में कुछ दिन पहले लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने मीट विक्रेता की दुकान बंद करवाई थी। मामले में टीलामोड़ थानाक्षेत्र के गरिमा गार्डन निवासी कांग्रेस नेता अकबर चौधरी ने फेसबुक पर लाइव आकर वीडियो जारी किया। उन्होंने वीडियो में लोनी विधायक को धमकी भरे लहजे में कहा कि हिम्मत है तो हमारे क्षेत्र में आकर दुकानें बंद करवाकर दिखाइए। लोनी की जनता को बेवकूफ बनाना बंद कीजिए विधायक जी।
वहीं लोनी विधायक के बयान पैगंबर साहब शाकाहारी थे, इसे लेकर भी कांग्रेस नेता ने फेसबुक पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए आपत्तिजनक पोस्ट की। मामले में गरिमा गार्डन निवासी शिवा मलिक ने अकबर चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिवा मलिक ने बताया कि अकबर चौधरी और अमर चौधरी ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर के लिए अपशब्द और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो व पोस्ट वायरल किए। इतना ही नहीं दोनों ने विधायक को पसौंडा क्षेत्र में आने की धमकी भी दी है।
मामला तब चर्चा में आया जब कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव अकबर चौधरी ने फेसबुक आईडी पर लाइव वीडियो जारी की। कांंग्रेस नेता ने 29 मई को टीलामोड़ थानाक्षेत्र के फरुखनगर गांव में लोनी विधायक के मीट की दुकान बंद करवाने की कार्रवाई को मुद्दा बनाया। उन्होंने वीडियो में कहा कि दुकान अवैध संचालित हो रही है तो उसे बंद कराने का काम गाजियाबाद शासन-प्रशासन का है। लोनी विधायक की हिम्मत है तो हमारे क्षेत्र में आकर दुकान बंद करवाकर दिखाएं।
वहीं जून के प्रथम सप्ताह में ही लोनी विधायक का एक और बयान चर्चा में रहा था। उन्होंने कहा था कि पैगंबर मोहम्मद साहब शाकाहारी थे और वे लौकी-तोरई जैसे शाकाहारी भोजन का सेवन करते थे। इस बयान को लेकर भी अकबर चौधरी ने फेसबुक पर पोस्ट डाली। उन्होंने लोनी विधायक के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा कि लोनी विधायक फेमस होने के लिए इस तरह की बयानबाजी करते हैं। अब जो शब्द मुंह से निकले हैं उनके लिए मुंह की खानी पड़ेगी। इसके अलावा धमकी भरे तरीके से कई अन्य बातें भी लिखीं।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने कहा, कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो और फेसबुक पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को दिए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
क्या बोले विधायक
अकबर नाम का व्यक्ति लोगों को धमकाकर वसूली का काम करता है। मुझे धमकी दी गई है, यह एक गंभीर विषय है। इसमें प्रशासन को आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगा, इसकी मुझे पूरी उम्मीद है।
नंद किशोर गुर्जर, लोनी विधायक