राशन कार्ड बनवाने को लगी लोगों की भीड़ - वसुंधरा सेक्टर १५ स्थित कार्यालय पर बड़ी संख्या में राशन कार्ड बनवाने पहुंचे लोग
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर १५ स्थित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के कार्यालय पर सोमवार को लोगों की भीड़ लग गई। यहां पर कार्यालय के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करते हुए लोग दिखाई दिए। इसके साथ ही लोग मास्क का प्रयोग भी नहीं कर रहे थे। आसपास के लोगों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की है। वसुंधरा सेक्टर १५ में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी का कार्यालय है। यहां पर राशन कार्ड बनाने का काम किया जा रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग राशन कार्ड बनवाने पहुंचे। यहां पर लोगों की भीड़ लग गई। यहां पर लोग ना तो सोशल डिस्टेंसिंग पालन कर रहे हैं और न ही मास्क लगाकर आ रहे हैं। यह लोग साफ सफाई का ख्याल भी नहीं रख रहे। यहां पर लोग मनाही के बावजूद थूकते हुए पाए गए हैं। हालांकि पुलिस कर्मी यहां पर थे लेकिन उनका भी डर लोगों में नहीं दिखाई दिया। नंबर नहीं आने पर लोग पार्क में बैठ गए। कुछ तो पार्क में पेड़ के नीचे तक सो गए। ऐसे में आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई। आस पास रहने वाले निवासियों को यह समझ में नहीं आ रहा की ऐसे में वह करें तो क्या करें। लोगों का कहना है कि कार्यालय के पास ही पार्षद और पार्षद पति कोरोना संक्रमित मिले थे। यह सेक्टर संक्रमित जोन घोषित है। वार्ड 74 के निवासी गिरीश शर्मा ने मांग की है कि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कार्यालय ट्रांस हिडन गाजिय़ाबाद को अस्थायी रूप से किसी बड़े पार्क या मैदान में शिफ्ट किया जाए ताकि इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।