\n\nलोगों ने राशन एकत्रित कर की गरीबों की मदद\n\n- सोसायटी के लोगों से जुटाया राशन सेवा भारती संस्थान को किया भेंट\n\nमाई सिटी रिपोर्टर\n\nसाहिबाबाद। लॉक डाउन-3 में लोग अब मिलकर-जुलकर लोगों की मदद करने को कदम बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में वसुंधरा सेक्टर-1 एलआईजी आरडब्ल्यूए ने एकादशी पर्व के उपलक्ष्य में सेवा भारती वसुंधरा सेक्टर 1 की टीम को 300 किलो राशन भेंट किया गया। आरडब्लूए द्वारा प्रत्येक रेजिडेंट से कम से कम 1 किलो आटा 1 किलो चावल आधा किलो दाल की सहायता की मांग की गई थी जिसमें लोगों ने खुले दिल से दिया।\n\nआरडब्ल्यूए अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया कि सोसायटी से कुल 200 किलो आटा 50 किलो चावल 40 किलो दाल एवं लगभग 10 किलो अन्य सामग्री एकत्रित हुई। कैलाश शर्मा ने बताया कि लॉक डाउन के आरंभ से ही सामाजिक संस्था सेवा भारती लॉक डाउन में गरीबों के भोजन की व्यवस्था कर रही है। ऐसे में सोसायटी से एकत्रित राशन इसी संस्था को भेंट किया गया ताकि उनकी रसोई निरंतर चलती रहे। इस अवसर पर पी के मिश्रा ,अभय शर्मा, जे पी सिंह, वाई पी जौहरी, जितेंद्र सती आदि मौजूद रहे।\n\n\n