माई सिटी रिपोर्टर साहिबाबाद। शहीदनगर मेट्रो स्टेशन के पास शिकायत के आधार पर लोगों को राशन बांटने पहुंचे लेखपाल से एक युवक ने अभद्रता कर दी। विरोध करने पर अशब्द कहे और अपात्र लोगों को राशन बांटने का दबाव बनाया। पीड़ित लेखपाल ने साहिबाबाद थाने में आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अय्यूब खां तहसील सदर में लेखपाल हैं। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने पर वह लोगों को राशन की किट बांटने के लिए शहीदनगर मेेट्रो स्टेशन के पास गए थे। आरोप है कि इस दौरान एक युवक आया और लोगों को राशन बांटने का विरोध करते हुए अशब्द बोलने लगा। जबरन अपात्र लोगों को राशन बांटने का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि युवक ने खुद को एक पूर्व पार्षद का आदमी बताया। आरोप है कि युवक ने मौके पर अशांति फैलाने का प्रयास किया। लेखपाल की ओर से साहिबाबाद थाने में नाजमद तहरीर दी गई है। एसएचओ साहिबाबाद अनिल शाही ने बताया कि मोनू राघव नाम के युवक के खिलाफ विभिन्न धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।