गाजियाबाद। एमएमएच कॉलेज में एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में दूसरी मेरिट में दाखिला लेने वालों की संख्या शनिवार से बढ़ गई। 120 सीटों में से अब तक 71 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो गई। ईडब्ल्यूएस की पांच सीटें पहले ही भर चुकी हैं। शेष 49 सीटों पर 30 सितंबर को दाखिले होंगे।
इसी के साथ दूसरी मेरिट के दाखिले भी बंद हो जाएंगे। इसके बाद भी रिक्त रहने वाली सीटों पर दाखिले के लिए ओपन मेरिट जारी होगी। एमएमएच कॉलेज में एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम की 120 सीटें हैं। दूसरी मेरिट 26 सितंबर को जारी हुई थी और दाखिले 27 सितंबर को शुरू हुए थे। अधिकांश छात्र सूची में नाम देखने के बाद लौट गए।
पहले दिन तीन, चार दाखिले की प्रक्रिया ही पूरी हो सकी लेकिन, शनिवार को इसमें तेजी आई। कालेज ने सभी 71 विद्यार्थियों के दाखिले की पुष्टि करते हुए उनका डाटा भी पोर्टल पर अपलोड कर दिया। एमएमएच कॉलेज के विधि विभाग के अध्यक्ष डाॅ.पंकज त्यागी ने बताया कि 30 सितंबर को इसमें तेजी आएगी। ओपन मेरिट की तारीख की घोषणा के साथ ही एलएलबी की कक्षाएं भी शुरू करा दी जाएंगी।