डासना। वेव सिटी पुलिस ने हरियाणा से तस्करी कर लाई गई शराब की खेप पकड़ी। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शराब को भी कब्जे में ले लिया गया। आरोपियों की पहचान नवाज उर्फ सोनू निवासी गढमुक्तेश्वर हापुड़ व मयंक निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई। एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पुलिस टीम को गोपनीय सूचना मिली कि अर्टिगा कार में हरियाणा की शराब लाई गई है। आरोपी ऑन डिमांड शराब लेकर आए थे। लोकेशन के हिसाब से घेराबंदी कर कार को रोका गया। तलाशी लेने पर 20 पेटी अंग्रेजी मार्का की शराब मिली। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की पुलिस जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किसके कहने पर शराब लेकर आए थे।