कविनगर थाने के बाहर धरने पर बैठे अधिवक्ता। संवाद
मोदीनगर। जिला जज न्यायालय में अधिवक्ताओं पर बीते अक्तूबर में हुए लाठीचार्ज के विरोध में भड़की आंदोलन की चिंगारी बढ़ती जा रही है। मोदीनगर तहसील मुख्यालय पर बार एसोसिएशन मोदीनगर के बैनर तले सोमवार को अधिवक्ताओं की बैठक हुई। बैठक में दस्तावेज लेखक भी शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष उत्तम त्यागी और संचालन सौरभ मुद्गल ने किया। अध्यक्ष उत्तम त्यागी ने बताया कि जिला जज की कोर्ट में वकीलों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में रजिस्ट्री और न्यायिक कार्य अनिश्चितकालीन के लिए ठप करने का निर्णय लिया गया। बताया कि इस दौरान किसी भी अधिवक्ता का चैंबर नहीं खुलेगा और न ही कोई टाइपिस्ट काम करेगा। बैठक के निर्णय का पालन नहीं करने वाले पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। आंदोलन मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। बैठक में बार के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, प्रेमवीर राठी, राजकुमार चौधरी, नकुल त्यागी, कुलदीप बंसल, अजित कुमार, अजय राठी, राजकुमार त्यागी, विनोद तेवतिया और जयसिंह आदि सहित कई मौजूद रहे।