दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में गोली लगने से संदिध की मौत हो गई। दरअसल, गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना इलाके के जावली रोड पर टीना की कोठी में गोली चलने से संदिग्ध की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात संदिग्ध कोठी में चोरी करने के इरादे से घुस रहे थे।
घर की छत पर संदिग्ध देखे गए। आहट होने पर मकान मालिक ने अपने हथियार से फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक संदिग्ध की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य फरार हो गए। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मौके पर भीड़ जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के टीलामोड थाना इलाके के जावली गांव में योगेंद्र मावी अपने भाई ऋषि मावी और धर्मपाल मावी समेत परिवार के साथ रहते हैं। वह भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर के ममेरे ससुर भी हैं। योगेंद्र मावी कृष्णा विहार इलाके में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं।
ऋषि मावी ने बताया कि तड़के करीब 4 बजे छह से ज्यादा बदमाश उनके बराबर वाले प्लॉट की छत पर चढ़ गए थे। वहां से एक बदमाश बांस के सहारे से योगेंद्र मावी के घर की बालकनी में पहुंच गया। उनके छोटे बेटे केशव अचानक पानी-पीने के लिए उठे थे तभी उसे बदमाशों की आहट सुनाई दी।