साहिबाबाद। शालीमार गार्डन पुलिस ने सोमवार को डीएलएफ बी-ब्लॉक के एक फ्लैट में छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस का दावा है कि मकान मालकिन देह व्यापार करा रही थी। पुलिस ने संचालिका समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस में पांच मोबाइल, 2,250 रुपये बरामद किए हैं।
एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि डीएलएफ के बी-ब्लॉक में देह व्यापार कराने की सूचना मिली थी। दोपहर में टीम जब मौके पर पहुंची तो काफी देर आवाज देने पर भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। बाद में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देने पर दरवाजा खुला तो अंदर कमरों में देह व्यापार होता पाया गया। महिला पुलिस कर्मियों को तुरंत कमरों में भेज कर युवतियों को बाहर निकाला गया। वहीं, टीम ने मौके से मोहम्मद उमर पुत्र समयदीन और करार पुत्र इकबाल निवासी शहीदनगर कोतवाली साहिबाबाद, ध्रुव पुत्र बालकिशन और मंगलदास पुत्र रमेश निवासी नंदनगरी दिल्ली को गिरफ्तार किया गया है। अभियान के दौरान कमरों में मिली दो युवतियों ने बताया कि वह काम की तलाश में मकान मालकिन से मिली थीं। महिला ने उन दोनों की फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि मकान मालकिन ने ही उन दोनों पर देह व्यापार करने के लिए दबाव बनाया था। वह दोनों लोक लाज के डर से यह गलत काम करने लगी थीं। पुलिस संचालिका समेत पांचों लोगों को गिरफ्तार कर थाने ले गई।
व्हाट्सएप पर ग्राहकों से करती थी संपर्क : एसीपी का कहना है कि संचालिका देह व्यापार के लिए अपने व्हाट्सएप पर ग्राहकों से संपर्क करती थी। व्हाट्सएप मैसेज में ही सभी जानकारी देती। इतना ही नहीं, ग्राहकों को पुलिस से बचने के लिए भी आश्वासन भी देती थी। एसीपी के मुताबिक दोनों युवतियों को परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।