मोदीनगर। निवाड़ी मार्ग स्थित डीजे कॉलेज ऑफ फार्मेसी में रजिस्ट्रार द्वारा कॉलेज के 18 विद्यार्थियों से लाखों रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। आरोपी रजिस्ट्रार ने परीक्षा पास कराने के नाम पर छात्र-छात्राओं से वसूली की। रजिस्ट्रार पर टैबलेट वितरण में भी फर्जी हस्ताक्षर बनाकर फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। निवाड़ी पुलिस ने डीसीपी के आदेश के बाद आरोपी रजिस्ट्रार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोदीनगर के निवाड़ी मार्ग स्थित दिव्य ज्योति (डीजे) कॉलेज ऑफ फार्मेसी के निदेशक डॉ.संजीव कुमार ने निवाड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मेरठ के थाना बहसूमा स्थित गांव माखननगर निवासी अमरीश कुमार पुत्र ऋषिपाल वर्ष 2020 से कॉलेज में रजिस्ट्रार के पद पर तैनात थे। अमरीश कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग कर फीस के नाम पर विद्यार्थियों से रुपये लेकर उन्हें एनओसी की फर्जी रसीद दी। आरोपी रजिस्ट्रार अमरीश कुमार ने परीक्षा पास करने के नाम पर विद्यार्थियों से रकम वसूली और प्रदेश सरकार से मिले टैबलेट भी विद्यार्थियों के फर्जी हस्ताक्षर कर हड़प लिए। जांच में घटना की पुष्टि हो गई।
आरोपी रजिस्ट्रार ने शैक्षिक सत्र 2020-21 व 2021-22 के 18 छात्रों से पांच लाख रुपये से अधिक रकम और टैबलेट का फर्जीवाड़ा किया। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रजिस्ट्रार अमरीश कुमार के खिलाफ फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी सहित कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।