लोनी। अल्वी नगर कॉलोनी में बुधवार रात मजदूर का शव फंदे पर लटका हुआ मिला है। परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो घटना का पता चला। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का पत्नी से विवाद चल रहा था। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्या ने बताया कि पुलिस को फंदा लगने की सूचना मिली तो मौके पर पता चला कि जुबेर (31) का शव बुधवार रात मकान के भूतल पर बने कमरे में छत से लगे कुंदे में रस्सी पर लटका हुआ था। पूछताछ में मृतक के परिजन ने बताया कि जुबेर का अपनी पत्नी आफरीन से विवाद चल रहा था। छह दिन पूर्व हुए विवाद के बाद आफरीन पत्नी मायके दिल्ली चली गई थी। जुबेर के बार बार बुलाने के बाद भी वापस आने से मना कर रही थी। परिजन ने मामले में शिकायत नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने व शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।