वसुंधरा में सड़क किनारे कूड़ा डालने पर फूटा लोगों का गुस्सा - आविप की जमीन पर बीते कई वर्षों से डाला जा रहा कूड़ा -राजनैतिक दलों से बातचीत के बाद होगा विशाल प्रदर्शन
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर-8 स्थित आविप की जमीन पर सड़क किनारे कूड़ा डंप करने पर बृहस्पतिवार को कई सेक्टरों के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का गुस्सा फूट पड़ा। गंदगी और बदबू से नाराज लोगों ने हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। आरोप है कि कुछ लोग लगातार सड़क किनारे कूड़ा डालकर स्वच्छ भारत अभियान को झटका दे रहे थे। इस बीच लोगों ने मामले में लिखित शिकायत नगर आयुक्त को भी देने का निर्णय लिया। कौटिल्य सेवा संस्था के सचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि सेक्टर-8 वसुंधरा में काफी दिनों से विभिन्न सेक्टरों का कूड़ा डाला जाता है। जिसका काफी दिनों से स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे हैं, कूड़े से बदबू इतनी आती है कि लोगों का फ्लैटों में रहना भी मुश्किल हो रहा है। तमाम मांगों के बावजूद यहां से कूड़ा नहीं हटाया जा रहा बल्कि दिनों-दिन कूड़े का ढेर लग रहा है। इसको लेकर वसुंधरा सेक्टर 2- 4 सेक्टर-6 और 10 के अलावा अन्य कालोनियों के लोगों ने प्रदर्शन कर गुस्सा जाहिर किया। लोगों की मांग है कि आविप की जमीन से कूड़ा हटाकर लोगों को जल्द से जल्द बीमारी और बदबू से राहत दिलाई जाए। इस बीच लोगों ने नगर आयुक्त डॉ दिनेश चंद्र को भी लिखित शिकायत देने का निर्णय किया। वहीं लोगों ने अन्य राजनैतिक दलों के लोगों से बातचीत कर जल्द ही विशाल प्रदर्शन करने की बात की है। इस दौरान डॉ. देव कुमार, पंकज सिंह, आरएस चौहान, रामदास अग्रवाल, अशोक पुरुषार्थी, अनिल शर्मा, नरेश, कमल वशिष्ठ, निपुण जैन, आनंद सिंह, विकास शर्मा आदि मौजूद रहे। -------------------------- सुमित कुमार