- स्वास्थ्य विभाग की टीम परिवार का लेगी सैंपल - पुलिस ने भी बढ़ाई इलाके में निगरानी माई सिटी रिपोर्टर साहिबाबाद। झंडापुर में बीपी और कोरोना पॉजिटिव मरीज की मंगलवार देर रात दिल्ली के अस्पताल में मौत के बाद मंगलवार देर रात में ही परिवार के सात लोगों को क्वारंटीन कर दिया। वहीं औद्योगिक क्षेत्र चौकी की पुलिस ने भी निरीक्षण कर निगरानी बढ़ा दी है। उधर, नगर निगम की तरफ से पूरे इलाके में सैनिटाइजेशन और फॉगिंग कराई जा रही है। महिला मरीज के पति ने बताया कि महिला को काफी महीनों से बीपी की बीमारी थी। उनका दिल्ली के अस्पताल से इलाज चल रहा था। तीन दिन पहले महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। आनन फानन में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन मंगलवार की रात अचानक उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मामले की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने परिवार की पूरी जानकारी इकट्ठा की और इलाके में निगरानी बढ़ा दी। उधर, औद्योगिक क्षेत्र चौकी के एसआई शकील अहमद ने बताया कि महिला की मौत के बाद परिवार के सात लोगों को क्वारंटीन किया गया है। जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी सैंपल लेना है। इसके अलावा पूरे इलाके में सैनिटाइजेशन का निगरानी बढ़ा दी है। बाहरी लोगों का इलाके में आना-जाना पूर्णतया बंद करा दिया गया है। जबकि स्थानीय लोगों को भी घर से बाहर ना निकलने की अपील की जा रही है। पार्षद हिमांशु चौधरी ने बताया कि महिला मरीज में कोरोना आने के बाद से क्षेत्र में लगातार सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। ----------------------------------- सुमित कुमार