गाजियाबाद। कोतवाली क्षेत्र के बाजार में खरीदारी करने गए दो भाइयों पर पंजाब लाइन के पास दबंगों ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। दोनों को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में तीसरे भाई ने कोतवाली में शिकायत दी है। आरोप है कि दबंगों ने उनकी जेब में रखे पांच हजार रुपये भी लूट लिए। गोपुरी कॉलोनी निवासी अमित सक्सेना ने बताया कि उनका भाई अमन व चचेरा भाई अभय रविवार दोपहर को बाजार में खरीदारी करने गए थे। थोड़ी देर बाद अभय ने फोन कर उनको सूचना दी कि वह बाजार में खड़े होकर खोखे पर सिगरेट पी रहे थे। तभी पड़ोस में खड़े व्यक्ति ने धुएं से खुद को परेशानी होने की बात कही तो वह साइड में खड़े हो गए। तभी तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए और उन्होंने अमन और अभय पर चाकू से हमला कर दिया। अमन के कंधे में चाकू से घाव हो गया जबकि चचेरे भाई अभय के शरीर में कई जगह चाकू से वार किए गए हैं। जिससे वह गंभीर रूप से घायल है। इस बारे में एसीपी निमिष पाटिल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आपसी कहासुनी से जुड़ा मामला प्रतीत हो रहा है। नकदी लूटने की बात संदिग्ध लग रही है।