साहिबाबाद। कांवड़ यात्रा और सावन के दूसरे सोमवार के लिए किए गए रूट डायवर्जन ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। डायवर्जन से पहले मिनटों में पूरा हो जाने वाले सफर को तय करने में घंटों का वक्त लगा। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रांट ट्रंक (जीटी) रोड के कट बंद कर दिए जाने से आई। कभी ट्रैफिक जाम हो गया तो कभी वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने जाम खुलवाया, तो भी बहुत राहत नहीं मिली। सुबह से शाम तक वाहन रेंगकर ही चले। दो अगस्त तक ऐसी ही स्थिति रहने वाली है।
सुबह आठ बजे से 11 बजे के बीच मोहननगर, इंदिरापुरम के साईं मंदिर, खोड़ा-गजीपुर सर्विस रोड और सीमापुर बाॅर्डर पर वाहनों की कतार लग गई। शाम साढ़े छह बजे दिल्ली और वसुंधरा से आने वाले वाहनों की मोहननगर पुल पर लंबी लाइन लग गई। सिविल डिफेंस के लोग और पुलिसकर्मियों ने सभी को बारी-बारी से गंतव्य की तरफ रवाना किया।
जवाहर पार्क में रहने वाले रणधीर ने बताया कि उन्हें नए बस अड्डे पर जरूरी काम से जाना था। सुबह पौने दस बजे राजेंद्रनगर गोल चक्कर पर पहुंचे तो वहां से साहिबाबाद रेलवे रोड की ट्रैफिक लाइट तक जाम मिला। कई वाहन चालक मुड़कर दिल्ली-वजीराबाद रोड पर पहुंचे। इसके आगे वाहन चालकों को करहेड़ा गांव और फिर लोनी-रोड औद्योगिक क्षेत्र से आईटीएस कॉलेज के पॉइंट तक रेंग-रेंगकर चलना पड़ा।
मोहननगर तिराहे से अर्थला मेट्रो स्टेशन तक वनवे रोड होने से दो पहिया वाहन चालक परेशान नजर आए। कट बंद होने से ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को भी परेशानी हुई। वाहनों की कतार देखकर ऑटो चालकों ने लंबी दूरी पर जाने से मना कर दिया। ऐसे में कई लोगोें को पैदल या फिर मेट्रो से सफर तय करना पड़ा।
टक्कर लगने पर कांवड़ियों ने तोड़ डाली कार
गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम क्षेत्र में मेरठ रोड पर सोमवार सुबह करीब सवा दस बजे एक कांवड़िये को कार की टक्कर लग गई। इससे गुस्से में आए कांवड़ियों ने कार में तोड़कर पलट दिया। कार चालक भाग गया। पुलिस ने कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया और कार चालक को हिरासत में ले लिया। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि कार को इसके मालिक अवनीश त्यागी चला रहे थे। वह कांवड़ियों के लिए आरक्षित लेन में अनाधिकृत रुप से कार लेकर आ गए। इसका मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार हाइड्रिल विजिलेंस से संबंद्ध है। जिन पुलिसकर्मियों की लापरवाही से कार आरक्षित लेन में पहुंची, उन पर भी कार्रवाई होगी। तोड़फोड़ करने वाले लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
आज एक लाख कांवडियाें के प्रवेश का अनुमान
उमड़ती भीड़ को देखते हुए मेरठ रोड पर सोमवार को शुरू किए गए 10 शिविर
गाजियाबाद। शिवरात्रि नजदीक है। इसलिए हरिद्वार, ऋषिकेश, गंगोत्री, गोमुख से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मंगलवार को गाजियाबाद की सीमा में एक लाख कांवड़ियों के प्रवेश करने का अनुमान है। मेरठ रोड पर सोमवार को 10 नए शिविर शुरू हो गए।
देरी से चल रहीं बसें, यात्री परेशान
साहिबाबाद। कांवड़ यात्रा के लिए किए गए रूट डायवर्जन से रोडवेज की बसें देरी से बस अड्डे पर पहुंच रही है। बसों के लिए दूरी बढ़ गई है। कई रूट पर बसें कम हो गई हैं। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। लाल कुुआं पर रूट डायवर्जन होने के बाद कौशांबी बस अड्डा पर बसें देरी से पहुंच रही है। डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक शिवबालक ने बताया कि बरेली, देहरादून, हरिद्वार सहित लंबी दूरी से आने वाली बसें देरी से पहुंच रही है। रोडवेज को रोजाना छह से सात लाख का नुकसान हो रहा है।
सुनवाई प्रभावित, मुकदमों में लगी तारीख
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा में पुलिस की ड्यूटी लगी होने से डासना जेल से बंदी अदालत में सुनवाई के दौरान पेश नहीं जा रहे हैं। रास्ते बंद होने से वादकारी और अधिवक्ता भी कचहरी में नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस कारण से अधिकांश मुकदमों में मुकदमों में सिर्फ तारीख लग रही है। सोमवार को सीबीआई कोर्ट में एनआरएचएम घोटाले के तीन अलग-अलग मामलों में आठ अगस्त से 20 अगस्त के बीच तारीख लग गई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा का कहना है दो अगस्त के बाद ही अदालत में स्थिति सामान्य हो सकेगी।