मुरादनगर। बृज विहार कॉलोनी में चोरों ने ट्रांसपोर्टर के मकान का ताला तोड़कर 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार के लोग घर में ही सो रहे थे। पीड़ित की ओर से थाने में शिकायत देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बृज विहार कॉलोनी गली नंबर दस निवासी ट्रांसपोर्टर संदीप त्यागी ने बताया कि वह और उनके भाई एक साथ घर में परिवार के साथ रहते हैं। उनके भाई पूजा-अर्चना के लिए पुरादेव मंदिर गए थे और लौटने पर कमरे का ताला टूटा देखा तो शोर मचाया। इसके बाद परिवार के लोग जागे तो देखा कि कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा है। करीब 20 लाख के जेवरात चोरी हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। संवाद