कौशांबी। थानाक्षेत्र के सेक्टर 14 स्थित सीमांत विहार निवासी रेनुका सिंह ने बताया कि उनकी अनुपस्थिति में करीब दो महीने पहले उनके जेठ का बेटा अंश और रिश्तेदार आकाश दोनों सोसायटी में पहुंचे थे। दोनों ने फ्लैट में पानी की टंकी का मरम्मत कार्य कराने की बात कही और आरडब्ल्यूए से फ्लैट के अंदर जाने की अनुमति मांगी थी। बताया कि एक मार्च को जब वह घर वापस लौटीं तब उन्हें सभी ताले बदले हुए मिले। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी और उनकी मौजूदगी में फ्लैट में दाखिल हुई। तब पता चला कि घर में रखी सोने की चार चूड़ी, छह अंगूठी, एक चेन, एक हार, एक जोड़ी झुमकी और एक जोड़ी चांदी की पायल गायब थीं। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।