साहिबाबाद। राजबाग स्टेशन के पास टप्पेबाजों ने वेब डिजाइनर की पत्नी को तंत्र-मंत्र से मौत का डर दिखाकर उनके आभूषण व फोन लेकर भाग गए। टप्पेबाजी के लिए युवकों ने उन्हें रास्ते में रोककर अपनी बातों में फंसा लिया। घटना 12 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे करीब की है। वहीं, वसुंधरा में महिला को पता पूछने के बहाने टप्पेबाजों में पर्स में 500-500 के नोट दिखाकर उनकी सोने की बाली उतरवा लीं। दोनों मामलों में साहिबाबाद और इंदिरापुरम पुलिस ने टप्पेबाजी का मुकदमा दर्ज किया है।
राजेंद्रनगर में राधेश्याम पार्क निवासी परमेश्वर शर्मा निजी कंपनी में वेब डिजाइनर हैं। उन्होंने बताया कि पत्नी रेणु शर्मा गाय को रोटी देने गई थीं। देवीदयाल अपार्टमेंट के पास एक युवक ने उन्हें आवाज देकर रोक लिया। वह पास आकर बोला कि माताजी आपके घर में भारी संकट है। पति, बेटा या बेटी में से किसी की भी मौत हो सकती है। आप हाथ और पैर जोड़ लीजिए। वह कुछ समझ पातीं कि युवक मंत्र पढ़ने लगा लेकिन वह उसकी बात को अनसुना कर आगे बढ़ गईं। शातिर ने राजबाग मेट्रो स्टेशन तक उनका पीछा किया। उनका आरोप है कि टप्पेबाज गिरोह के एक अन्य युवक के साथ खड़ा मिला। उसने उन्हें आवाज देकर रोका और कहा कि माताजी यह जैसा बोल रहा है आप वैसा ही कीजिए, वरना उसकी मौत हो जाएगी।
उसके बाद शातिर ने उनके हाथ में एक पत्ता, मिट्टी और लोहे का टुकड़ा देकर उन पर मंत्र पढ़ना शुरू किया। इसके बाद टप्पेबाज जैसा कहता गया, वह वैसा करती गईं। इस बीच शातिर ने उनके कान से सोने की झाले, अंगूठी, एंड्रायड फोन और नकदी ले ली। कुछ देर बाद उन्हें मिट्टी और पत्ता कुछ दूर जाकर फेंककर आने के लिए कहा। आरोप है कि वह तीनों चीजों को फेंककर लौटीं तो देखा कि टप्पेबाज वहां से भाग चुके थे। उन्होंने पास में मंदिर के पुजारी से मदद लेकर पति को फोन किया। दंपती ने पुलिस को घटना बताकर कार्रवाई की मांग की। साहिबाबाद कोतवाली पुलिस ने चोरी और टप्पेबाजी का मुकदमा दर्ज किया है।
महिला के कान से बाली लेकर भागा टप्पेबाज :
वसुंधरा सेक्टर-5 में कजुमा देवी किराये पर रहती हैं। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को दोपहर तीन बजे काम करके घर लौट रही थीं। सोसायटी के गेट नंबर एक के पास दो युवकों ने उन्हें पता पूछने के बहाने रोक लिया। इस बीच उन्हें अपने पर्स में 500 का नोट दिखाकर उनसे कान की बाली निकालकर उसमें रखने के लिए कहा। आरोप है कि टप्पेबाजों ने सोने की बाली के साथ पर्स भी ले लिया। कुछ देर बाद होश आया तो दोनों वहां से भाग चुके थे। उन्होंने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। इंदिरापुरम पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है।
डीसीपी निमिष पाटिल का कहना है कि दोनों मामलों में सीसीटीवी फुटेज से टप्पेबाजों की पहचान कर रहे हैं। टीम को पहचान के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।