गाजियाबाद। नगर कोतवाली के सराय नजर अली में चोरों ने बैनामा लेखक शहजाद खान सलमानी के मकान व अलमारी के ताले तोड़कर करीब 25 लाख के गहने व नकदी चोरी कर लिए। घटना 22 जनवरी की रात की है। शहजाद उस समय परिवार के साथ अपनी ससुराल गए थे। अगले दिन सुबह घर पहुंचने पर उन्हें चोरी का पता चला।
शहजाद ने बताया कि पत्नी बच्चों को लेकर मायके गई थी। ससुरालियों ने 22 जनवरी को उन्हें भी बुला लिया। 23 जनवरी को जब वह घर लौटे तो ताला खोलकर अंदर गए तो घर में सारा सामान बिखरा मिला और अलमारी व लॉकर के ताले टूटे मिले। देखने पर पता चला कि चोर लॉकर में रखे करीब 15 लाख के गहने और 10 लाख की नकदी चोरी करके ले गए। शहजाद ने बताया कि मौके पर दस्ताने भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि वह कई साल से बच्चों की शादी के लिए गहने बनवाकर जोड़ रहे थे और हाल में उनका प्लॉट बिका था उसकी नकदी रखी थी। मामले में उन्होंने नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी कोतवाली रविंद्र वर्मा का कहना है कि मामले में चोरों की तलाश के लिए टीमें लगी हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।