बीबीनगर। थाना क्षेत्र के गांव परतापुर और लोहलारा के जंगल में बृहस्पतिवार सुबह खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध खनन करते एक जेसीबी और डंपर को पकड़ लिया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में सीज करा दिया गया है। खनन अधिकारी ब्रजमोहन ने बताया कि अवैध खनन की सूचना पर बृहस्पतिवार सुबह करीब तीन बजे टीम ने परतापुर और लोहलारा के जंगल में छापा मारा। इस दौरान मौके पर एक जेसीबी और एक डंपर से मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। टीम ने दोनों वाहनों को पकड़कर थाने पहुंचाया और सीज करने की कार्रवाई की। इसके बाद वाहनों को थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की न्यायिक कार्रवाई जिलाधिकारी की ओर से की जाएगी।