कृष्ण भक्त इटजैल और विपुल राघव ने रचाई शादी
- फोटो : अमर उजाला
अमेरिका के मेक्सिको सिटी में टाउन प्लानर के पद पर सरकारी नौकरी करने वाली युवती कृष्ण भक्ति में भारत पहुंची। जहां गाजियाबाद के सिविल इंजीनियर मुलाकात के बाद उसने शादी कर ली। शादी के लिए भी उन्होंने विशेष दिन अक्षय तृतीया को चुना। इस दिन भगवान बांके बिहारी के चरणों के दर्शन होते हैं। एक साल पहले दोनों की मुलाकात जयपुर के आर्किटेक्ट से जुड़े एक कार्यक्रम में हुई थी, जिसके बाद दोनों वृंदावन घूमने के लिए गए थे।
संजयनगर सेक्टर-23 के एल ब्लॉक के रहने वाले विपुल राघव सिविल इंजीनियर हैं और उनकी बहन ज्योति राघव आर्किटेक्ट हैं। दोनों भाई बहन 28 जनवरी 2025 को जयपुर के कार्यक्रम में गए थे, जहां उनकी मुलाकात अमेरिका के मेक्सिको सिटी के तुक्सपान इलाके की रहने वाली इटजैल उर्फ शैलजा से हुई थी।
विपुल ने बताया कि जयपुर में कार्यक्रम के समापन के दौरान इटजैल ने मथुरा व वृंदावन घूमने की इच्छा बताई तो वह उन्हें अपने साथ लेकर आ गए। दो दिन वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर, इस्कॉन मंदिर, बरसाना के राधारानी मंदिर और मथुरा के जन्मभूमि मंदिर में दर्शन के लिए गए थे, जहां दोनों ने एक दूसरे को पसंद किया और दोनों में प्यार हुआ।
उनका कहना है कि इसके बाद इटजैल अमेरिका लौट गई और बार-बार वृंदावन आने की बात उनसे कहने लगीं और विपुल से शादी करने की बात कही, जिसके बाद दोनों के परिवार ने जूम मीटिंग के जरिए शादी का रिश्ता स्वीकार किया और अक्षय तृतीया के दिन शादी अवंतिका स्थित एक बैंक्वट हाॅल में शादी रचाई। दोनाें की शादी में प्रदेश मंत्री जयवीर सिंह भी आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे।
इटजैल ने अमेरिका कृष्ण मंदिरों में विपुल को कराए थे दर्शन
विपुल ने बताया कि शादी की बात जब तय हो गई थी तो वह अमेरिका में इस साल 12 मार्च को 10 दिनों के लिए घूमने के लिए गए थे। जहां उनको उनकी होने वाली पत्नी इटजैल ने अमेरिका के मैक्सिको शहर में बने सभी भगवान कृष्ण के मंदिरों के दर्शन कराएं। विपुल ने बताया कि शादी के दिन भी लड्डू गोपाल को साथ रखकर ही उन्होंने शादी की है।