सोसायटीओं में सैनिटाइजेशन अभियान चलाती जीडीए की टीम
- फोटो : AMAR UJALA
सबहेड: इंदिरापुरम के लोगों की सैनिटाइजेशन न होने की शिकायत पर जीडीए की कार्रवाई - विभिन्न क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन न होने की लोगों ने ट्विटर पर की थी शिकायत - जीडीए उपाध्यक्ष ने मामले को लिया गंभीरता से, फोटोग्राफी व लोगों के हस्ताक्षर कराने को कहा माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। जीडीए ने विभिन्न क्षेत्रों में जारी सैनिटाइजेशन अभियान में शिकायत के बाद कड़ा कदम उठाया है। अब जीडीए कर्मचारियों को सैनिटाइजेशन अभियान की कार्य के दौरान फोटो लेने के साथ ही वहां मौजूद स्थानीय लोगों या फिर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के हस्ताक्षर कराने होंगे। ऐसे में भविष्य में सैनिटाइजेशन संबंधी शिकायतों का निस्तारण किया जा सकेगा। जीडीए अपनी विभिन्न योजनाओं के मुख्य मार्ग, अंदरूनी मार्गोें के साथ हर गली में सैनिटाइजेशन करेगा। कोरोना वायरस को मात देने को जीडीए की सैनिटाइजेशन की मुहिम लगातार जारी है। जीडीए आधा दर्जन से अधिक योजनाओं में रखरखाव का जिम्मा खुद संभालता है। इंदिरापुरम सहित कई योजनाएं अभी तक जीडीए को हैंडओवर नहीं हुई हैं। छह से ज्यादा टीमें विभिन्न योजनाओं में नियमित सैनिटाइजेशन अभियान चला रही हैं। लेकिन इंदिरापुरम सहित अन्य क्षेत्र में सैनिटाइजेशन नहीं होने की शिकायत ट्विटर के साथ सीधे जीडीए अधिकारियों को मिली। अधिकारियों की ओर से पड़ताल पर सैनिटाइजेशन में लगी टीमों की ओर से शिकायत वाले क्षेत्रों में भी सैनिटाइजेशन कराने का दावा किया गया। ऐसे में जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा के निर्देश पर जीडीए सचिव ने अधिकारियों को सैनिटाइजेशन अभियान की मौके पर फोटो कराने के साथ ही स्थानीय लोगों के हस्ताक्षर करवाने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर सैनिटाइजेशन अभियान की अब रोजाना रिपोर्ट पर कड़ी नजर रखी जाएगी। जीडीए सचिव ने अधिकारियों से रोजाना की रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों के मुताबिक नई व्यवस्था से भविष्य में आने वाली शिकायतों के निपटारा कराने और लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी। दूसरी ओर गलत शिकायत करने वालों पर शिकंजा कसा जा सकेगा। --- इन क्षेत्रों में जीडीए कर रहा है सैनिटाइजेशन जीडीए की ओर से नगर निगम को हैंडओवर नहीं होने वाली कालोनियों में सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान में इंदिरापुरम, स्वर्णजयंतीपुरम, मधुबन बापूधाम, कोयल एंक्लेव, इंद्रप्रस्थ में जीडीए नियमित रूप से सैनिटाइजेशन कर रहा है। वहीं, नगर निगम के सहयोग से राजनगर एक्सटेंशन, क्रॉसिंग्स रिपब्लिक सहित कई क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है। --- कोट... विभिन्न क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन अभियान चला रही जीडीए की टीमों को सैनिटाइजेशन की फोटो करने और स्थानीय लोगों से हस्ताक्षर कराने के निर्देश दिए गए हैं। - संतोष कुमार राय, सचिव, जीडीए ---