गाजियाबाद। 26 दिन से लापता क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के सिद्धार्थ विहार निवासी इंटीरियर डिजाइनर रोहित (33) का शव दो फरवरी को बुलंदशहर के गुलावठी में रजवाहे में मिला। गुलावठी पुलिस ने रोहित के भाई सुनील कुमार को इसकी सूचना दी। रोहित की जेब से एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें उसने अपने दो सहकर्मियों की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी थी। मामले में सुनील कुमार ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में राजेंद्र उर्फ राजू और विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सुनील कुमार ने बताया कि उनके छोटे भाई रोहित के साथ ही विजयनगर के कैलाशनगर निवासी राजेंद्र उर्फ राजू और दिल्ली गेट निवासी विकास भी काम करते थे। रोहित दोनों को समय से रुपये देता था और एडवांस भी देता था। आरोप है कि बावजूद इसके राजेंद्र और विकास समय पर काम पूरा नहीं करते थे। इनसे परेशान होकर वह आठ जनवरी 2024 को घर से चला गया। वह अपना मोबाइल भी घर छोड़ गया था। प्रताड़ना की बातें रोहित के पास से बरामद सुसाइड नोट से पता चली हैं। मामले में उन्होंने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। रोहित के तीन बच्चे हैं। एसीपी वेव सिटी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।