गाजियाबाद। सरकारी काम से कोर्ट में आए दरोगा रविंद्र कुमार पर कोर्ट परिसर में दो लोगों ने हमला कर दिया। हमले में रविंद्र को गंभीर चोटें आई हैं। हमला करके आरोपी फरार हो गए। मामले में उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार ने कविनगर थाने में शैंकी और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार का कहना है कि वह थाना मोदीनगर में तैनात हैं। सोमवार दोपहर सरकारी काम से कोर्ट गए थे। गेट नंबर एक के पास केस डायरी की फोटो कॉपी करा रहे थे। इसी दौरान एक अधिवक्ता के चैंबर के बाहर दो लोगों ने उन पर लात घूसों से हमला कर दिया और फरार हो गए। इससे उनके चेहरे व आंख पर चोट आई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दरोगा को अस्पताल में भर्ती कराया। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।