मोदीनगर। भोजपुर विकास खंड के गांव विद्यापुर में आंगनबाड़ी केंद्र के पोषाहार में चने की दाल में कीड़े निकलने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए पोषाहार दिया जाता है। गांव विद्यापुर के आंगनबाड़ी केंद्र पर शुक्रवार को कार्यकर्ता पात्र ग्रामीणों को पोषाहार वितरित कर रही थीं। पोषाहार की खाद्य सामग्री में दी गई चने की दाल में घुन व सुंडी थी। घुन के कारण चने की दाल पाउडर की तरह लग रही थी। ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र प्रभारी से मामले की शिकायत की तो उन्होंने अनसुना कर दिया। ग्रामीणों ने घटिया पोषाहार सामग्री वितरित करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। डीपीओ शशि वार्ष्णेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। हो सकता है कि बरसात में किसी पैकेट में नमी के कारण घुन पड़ गई हो। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।