- देहात कोतवाली के गांव मचकौली में गत 19 अप्रैल को हुआ था युवक पर हमला - मृतक के परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज, परिजनों में मचा कोहराम बुलंदशहर। कोतवाली देहात की नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव उटरावली में बीते दिनों एक युवक पर मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया था। वहीं अब झगड़े में घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पीड़ित पक्ष ने चार युवकों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें आरोपियों पर लाठी-डंडों से पीटकर व चाकू से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव उटरावली निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र रामगोपाल ने कोतवाली देहात में तहरीर दी।जिसमे उन्होंने बताया कि गत 19 अप्रैल की सुबह गांव के ही दूसरे पक्ष के आरोपी उमेश पुत्र टीकम, टीकम पुत्र नंदराम सिंह, पवन उर्फ नगरू पुत्र नंदराम सिंह व नंदराम ने पीड़ित व उसके भाई भोपाल उर्फ भोपेंद्र(21वर्ष) के साथ रास्ते मे अभद्रता की थी। जिसका विरोध करने पर आरोपियों दोनों के साथ जमकर मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपियों ने उन दोनों पर चाकू एवं लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जानलेवा हमले में भोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। तभी से उसका अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उसकी उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को मौत हो गयी। वहीं देहात पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली देहात प्रभारी सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराकर पीड़ित परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।