मुरादनगर। जलालाबाद गांव में रविवार सुबह करीब तीन बजे हल्की बारिश में एक मकान की छत भर-भराकर गिर गई, हादसे में मलबे में दबने से नीचे साे रहे परिवार के छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। दो महिला की हालत गंभीर बनी है। अधिकारियों मौके पर पहुंचकर परिवार को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।
जलालाबाद गांव निवासी किसान ज्ञानेंद्र सिंह (40) खेती करके परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनका मकान करीब 50 वर्ष पुराना है। एक कमरे की छत लकड़ी की बीम व कड़ी के साथ सिल्ली से बनी है। शनिवार रात ज्ञानेंद्र सिंह अपनी पत्नी बीना, बेटी खुशी (19), गुनगुन (5), बेटा वीर (12) व सविता एक ही कमरे में सो रहे थे। रविवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिसके कारण छत गिर गई। इसके मलबे में परिवार के सभी लोग दब गए। चीख सुनकर ग्रामीण जाग गए और मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर लोगों को मोदीनगर व स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। सविता व बीना की हालत गंभीर बनी है लेकिन बाकी सब खतरे से बाहर हैं।
एसडीएम सदर अरुण दीक्षित ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर तहसीलदार विवेक मिश्रा को भेजा गया। बताया कि प्राकृतिक आपदा के तहत राहत कोष से पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये आर्थिक मदद करने का प्रावधान है। इसके अलावा अन्य सरकारी मदद दिलाने की कोशिश की जा रही है।