गाजियाबाद। नंदग्राम के नंगला फिरोज मोहनपुर निवासी निधि सहलोत को साइबर अपराधियों ने फोन कर जाल में फंसाकर खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। शातिरों ने निधि को उनके पति का दोस्त बताकर रुपये भेजने की बात कहकर लिंक भेजा और फिर रुपये निकाल लिए। निधि सहलोत का कहना है कि उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को उनके पति का दोस्त बताया और पति को पेटीएम पर रुपये भेजने की बात कही। कॉलर ने पहले उन्हें पेटीएम पर एक रुपया भेजकर कंफर्म कराया। बाद में उसने लिंक भेजकर रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मेसेज आने के बाद उन्हें ठगी का पता चला। मामले में उन्होंने साइबर सेल में शिकायत कर केस दर्ज कराया है। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। संवाद