नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामाबाद में शराबी पति जुनैद ने पत्नी के साथ मारपीट की और बच्चों को जलाने का प्रयास किया। घर का सारा सामान जल गया। साथ ही आरोपी ने पत्नी नगमा को तीन तलाक दे दिया। साथ ही आरोपी ने अब आने वाली एक तारीख को पीड़िता व बच्ची को जान से मारने की धमकी दी है। एसएसपी के आदेश पर नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी नगमा ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी करीब 11 वर्ष पूर्व जुनैद निवासी मौहल्ला सराय जहांगीर, जिला रामपुर के साथ हुई थी। आरोपी पति दहेज से खुश नहीं था, आए दिन मारपीट करता था। पीड़िता ने निकाह के बाद दो पुत्रियों को जन्म दिया।
19 अगस्त 2024 को पीड़िता का पति शराब पीकर आया और घर के अंदर आते ही मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसे व उसके बच्चों को आग से जलाने की कोशिश की और घर के सामान में आग लगा दी। उसने बड़ी मुश्किल से अपनी व अपने दोनों बच्चों की जान बचाई। पीड़िता ने 20 अगस्त को नगर कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता इस दौरान इद्दत में थी। 12 दिसंबर 2024 को आरोपी जुनैद का फोन किया और आने वाली 1 तारीख को सबको जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ननद की शादी के लिए मांगे पांच लाख, हत्या का प्रयास
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र की ज्ञानलोक कॉलोनी, मऊखेड़ा निवासी पिंकी ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी प्रदीप सिंह निवासी गांव एतमादसराय थाना कोतवाली देहात के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति प्रदीप मारपीट करता है। कई बार ससुर भीम सिंह, जेठ धर्मवीर व कुलदीप सिंह उसे जान से मारने की धमकी दे चुके हैं।
आरोप है कि ननद की शादी फरवरी में होनी है, इसके लिए 5 लाख की मांग की जा रही है। पीड़िता के पिता अब इस स्थिति में नहीं है कि वह ससुराल वालों की मांग पूरी कर सकें, पिता को किडनी की बीमारी है। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके दो बच्चों को भी छीन रखा है। अब एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।