गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम क्षेत्र के दुहाई स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में बागपत निवासी कमल सिंह का अपहरण करके बंधक बनाकर रखने और मारपीट कर हाथ तोड़ने व जान से मारने के प्रयास करने का मामला सामने आया है। मामले में कमल सिंह के भाई निर्भय सिंह ने कमल की पत्नी सरिता, संजय, गौरव त्यागी और अमित के खिलाफ केस दर्ज कराया है।बागपत के गांव दाहा निवासी निर्भय सिंह का कहना है कि उनके भाई कमल सिंह राणा को दो माह पहले उनकी भाभी सरिता ने संजय गुर्जर, गौरव त्यागी व अमित के साथ मिलकर अपहरण कर दुहाई स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करा दिया गया। आरोप है कि जिस केंद्र में भर्ती कराया वह भी अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है। केंद्र में सभी ने मिलकर भाई की पिटाई कर उनका हाथ तोड़ दिया और जान से मारने का प्रयास किया। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि पीड़ित को परिजनों के साथ भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।