पत्नी की प्रताड़ना का एक और व्यक्ति शिकार हो गया।कृष्णापुरी में युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। इससे पहले वाट्सअप पर परिचितों को आत्महत्या का कारण पत्नी की प्रताड़ना बताया। पुलिस जाँच कर रही है।
कृष्णापुरी निवासी जयप्रकाश त्यागी के बेटे मोहित त्यागी एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी शादी संभल जिले की एक युवती से 2020 में हुई थी। उनका एक बेटा है। आरोप है कि पत्नी उन्हें प्रताड़ित करने लगी। किसी न किसी बात को लेकर मोहित से गाली गलौज करने लगी। अभद्रता करने का भी आरोप है।
विरोध पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती। छह महीने पहले पत्नी घर से जेवर लेकर मायके चली गई। पुलिस से इसकी शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। तभी से मोहित परेशान चल रहे थे। बताया गया कि कई बार घर वापस आने के लिए कहा। दो दिन पहले मोहित के परिजनों पर संभल पुलिस से काल आई और थाने बुलाया।
शिकायत पत्नी की ओर से दी गई है। इस बारे में जब मोहित को पता चला तो वे बुरी तरह परेशान हो गए। उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी को बताते हुए व्हाट्सएप पर परिचितों को मैसेज किए। इसके बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें मोदीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एसीपी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।