गाजियाबाद। डूंडाहेड़ा अस्पताल में अब हार्मोनल जांच की सुविधा मिलने लगेगी। अस्पताल को विटामिन, थायराइड और हार्मोन जांच के लिए अत्याधुनिक हार्मोनल एनालाइजर मशीन मिल गई है। 15-20 दिनों के अंदर जांच शुरू हो जाएगी। 50 बेड के इस अस्पताल में रोजाना 350-400 मरीज पहुंचते हैं। इसमें से 40-45 मरीजों की खून की जांच होती है। अस्पताल में अभी तक थायराइड, विटामिन और हार्मोन की जांच नहीं की जाती है, सामान्य खून की जांच होती है। इस वजह से इन जांचों के लिए या तो मरीजों को एमएमजी आना पड़ता था या फिर निजी लैब में जांच करानी पड़ती थी। अब अस्पताल को मशीन मिलने के बाद महिलाओं, बुजुर्गों सहित सभी मरीजों की जांच अस्पताल में होने लगेगी। निजी लैब में इन जांचों के लिए एक हजार से 1500 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। अस्पताल के सीएमएस डॉ. अतुल आनंद ने बताया कि मशीन का इंस्टॉलेशन कराया जा रहा है। जांच के लिए स्टाफ का प्रशिक्षण होगा उसके बाद जांच शुरू होगी।