इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर-5 में निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण करने गई आवास विकास परिषद के प्रवर्तन दल ने मजदूरों को दौड़ाकर लाठी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में होमगार्ड लाठी से एक मजदूर को पीटता दिख रहा है। मजदूर को काफी चोटें आई हैं। मामले में मजदूरों ने इंदिरापुरम पुलिस को शिकायत दी है। वहीं, होमगार्ड ने भी मजदूरों पर वर्दी फाड़ने और अभद्रता करने की शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिहार के मोतिहारी में रहने वाले ठेकेदार राजू ने बताया कि वसुंधरा सेक्टर-10 के बिल्डर आदित्य जैन ने सेक्टर पांच में तीन मंजिला इमारत बनाने का ठेका दिया था। उनके पास बिहार के लोरिक यादव व अक्षय मांझी काम करते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब पौने तीन बजे आवास विकास परिषद की प्रवर्तन दल टीम निर्माणाधीन साइट का निरीक्षण करने आई थी। आरोप है कि टीम के एक होमगार्ड ने मजदूरों को वहां से भागने के लिए कहा। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि होमागार्ड लोरिक और अक्षय मांझी को लाठी से पीट रहे हैं। उन्होंने होमगार्ड व अन्य अधिकारियों को मजदूरों को न पीटने के लिए कहा लेकिन, किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। पिटाई से लोरिक यादव का कान फट गया, जबकि अक्षय को काफी चोटें आई हैं। मामला बढ़ता देख प्रवर्तन दल की टीम वहां से चली गई। कुछ देर बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। -सात सेकेंड में मजदूर पर लाठी से चार बार हमला-
वायरल वीडियो करीब सात सेकेंड का है, जिसमें लाल और नीले रंग की टीशर्ट पहने मजदूर पर होमगार्ड चार बार लाठी से हमला करता नजर आया। हमले से मजदूर का कान फट गया जबकि माथे, पीछे कंधे और कमर पर लाठी के निशान पड़ गए। वीडियो में एक व्यक्ति पीछे से होमगार्ड को रोकते हुए मजदूर को न पीटने के लिए कहता रहा लेकिन, उसने एक न सुनी। पीटने के दौरान मजदूर का फोन भी टूट गया। वहीं होमगार्ड का फोन भी जेब से निकलकर सड़क पर गिर जाता है। होमगार्ड की पिटाई से बचने के लिए मजदूर ने भागकर अपनी जान बचाई।
आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता एके मित्तल का कहना था कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों ने शिकायत दी है। मजदूर पक्ष ने बेवजह पीटकर चोटिल करने और होमगार्ड नरेंद्र की तरफ से निरीक्षण के दौरान मजदूरों पर अभद्रता कर वर्दी फाड़ने का आरोप लगाया गया है। दोनों शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।