हिंदी साहित्यकार शेखर जोशी का देहदान किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
वसुंधरा। हिंदी साहित्यकार शेखर जोशी के पार्थिव शरीर को ग्रेटर नोएडा के शारदा विश्वविद्यालय के मेडिकल विभाग को दान कर दिया गया। शेखर जोशी के छोटे बेटे संजय जोशी ने बताया कि पिता की इच्छा के अनुरूप ऐसा किया गया है।
साहित्यकार शेखर जोशी वसुंधरा सेक्टर-9 स्थित जनसत्ता अपार्टमेंट में अपने छोटे संजय के साथ रहते थे। वह आंतों में संक्रमण के चलते वैशाली सेक्टर-चार के पारस अस्पताल में भर्ती थे। मंगलवार दोपहर करीब 3:20 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। संजय जोशी ने बताया के बुधवार को पिता का पार्थिव शरीर ग्रेटर नोएडा के शारदा विश्वविद्यालय में दान कर दिया। वहीं शेखर जोशी के निधन की खबर सुनकर आसपास के लोग उनके फ्लैट पर पहुंचे और संवेदनाएं व्यक्त कीं।