मुरादनगर। जलालपुर मार्ग पर हुई हिमांशु की हत्या के मामले में दो दिन बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। हत्यारों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगी हैं। जलालपुर गांव निवासी हिमांशु कुमार पर बृहस्पतिवार रात ड्यूटी से लौटते समय हमला हुआ था। अज्ञात हमलावरों ने प्राथमिक विद्यालय के पास धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु की शुक्रवार को मोदीनगर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने अब तक 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। एसीपी सुनील कुमार ने बताया कि आरोपितों की तलाश जारी है। मृतक के परिजन भी हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।