साहिबाबाद। गाजियाबाद में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने अपनी पत्नी, साले और उसकी पत्नी समेत चार लोगों पर घर से डेढ़ लाख रुपये, लाखों के जेवर और अन्य सामान ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने पत्नी और दो बच्चों को भी साथ ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह श्याम पार्क में पत्नी और दो बच्चों के साथ किराए पर रहते हैं। 19 सितंबर को वह ड्यूटी पर गए तो उसी दौरान पत्नी बच्चों के साथ घर से चली गईं। 20 सितंबर को लौटने पर मकान पर ताला लगा मिला। आसपास तलाशने के बाद भी पता नहीं चला तो 112 पर सूचना दी। पड़ोसियों की मौजूदगी में ताला खुलवाया तो अंदर सामान बिखरा मिला और अलमारी से डेढ़ लाख रुपये व सोने-चांदी के गहने गायब थे। सीसीटीवी फुटेज में बड़े साले और उसकी पत्नी के साथ बच्चों व बड़े बैग के साथ पत्नी जाती दिखीं। आरोप है कि 2024 और 2025 में भी साले ने पत्नी के साथ मिलकर घर में चोरी की थी। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।