लोनी। हवा में पिस्टल लहराने वाले आरोपी को पुलिस ने अंकुर विहार इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि अंकुर विहार थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में होली पर रंग डालने को लेकर हुए विवाद के बाद महिलाओं से अभद्रता करने का मामला सामने आया था। इस दौरान अवैध पिस्टल हवा में लहराने का भी वीडियो भी वायरल हुआ था। पुलिस ने जांच की तो पाया कि कॉलोनी में रंग डालने को लेकर विवाद हुआ था। कॉलोनी के ही हरेंद्र बंसल उर्फ हैरी ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुलाया था। मौके पर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता दक्ष चौधरी और अक्कू पंडित साथियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि आरोपियों ने राकेश दास व निखिल के साथ कहासुनी के बाद मारपीट की थी। महिलाओं ने बीच बचाव का प्रयास किया तो युवकों ने उनके साथ गाली गलौज करते हुए अभद्रता की। इस दौरान हरेंद्र बंसल उर्फ हैरी का हवा में पिस्टल लहराने का वीडियो बना लिया गया और उस बाद में वायरल किया था। एसीपी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को हवा में पिस्टल लहराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।