हापुड़ में दिल्ली रोड स्थित एसएसवी डिग्री कॉलेज के बाहर शुक्रवार को असिस्टेंट प्रोफेसर के साथ मारपीट करने वाले एक एमबीबीएस छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में असिस्टेंट प्रोफेसर ने एक नामजद और पांच अज्ञात छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
दिल्ली रोड स्थित एसएसवी डिग्री कॉलेज में शुक्रवार को एमबीबीएस की परीक्षा की द्वितीय पाली में दोपहर दो बजे से शाम के छह बजे तक असिस्टेंट प्रोफेसर राकेश कुमार की ड्यूटी लगाई गई थी। परीक्षा के दौरान एनसीआर कॉलेज आफ मेडिकल साइंसेज मेरठ में पढ़ने वाला एमबीबीएस का छात्र मनाक्ष पाल नकल करने का प्रयास कर रहा था।
उन्होंने छात्र को नकल करने से रोका तो छात्र ने उनके साथ अभद्रता कर दी थी। परीक्षा ड्यूटी समाप्त करने के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर कॉलेज में प्रवक्ता जयप्रकाश के साथ घर लौट रहे थे। कॉलेज के बाहर पहुंचने पर मनाक्ष पाल और उसके पांच साथियों ने असिस्टेंस प्रोफेसर पर लात-घूंसों से हमला कर दिया था।
हमले में उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगी थी। घटना के बाद चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कॉलेज से एमबीबीएस परीक्षा का केंद्र हटा दिया था। तभी से शिक्षक मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि मामले में आरोपी छात्र जिला मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइंस के गंगापुरा निवासी मनाक्ष पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि बाकी की तलाश की जा रही है।