गाजियाबाद/मसूरी। नाहल के कलेक्ट्रान मोहल्ले से ईद के दिन अपने दाेस्त के साथ घर से निकले अब्दुल वाहिद का शव गौतमबुद्धनगर के बंबावड़ में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद से अब्दुल का दोस्त फरार है। पुलिस ने जांच के बाद सही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।
एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि नाहल निवासी अब्दुल वाहिद फर्नीचर का काम करता था। परिजनों ने सोमवार शाम को पुलिस को बताया कि अब्दुल वाहिद लापता हो गया है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। तभी रजवाहे की पटरी पर परिजनों को अब्दुल की चप्पल, मोबाइल, कपड़े व अन्य सामान मिला। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने बताया कि अब्दुल वाहिद कुशलिया निवासी अपने दाेस्त, जो उसके साथ फर्नीचर का ही काम करता था, के साथ स्कूटी से घर से निकला था, इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। इसी दौरान मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि गौतमबुद्धनगर के बंबावड़ में एक शव मिला है, जिसकी पहचान अब्दुल वाहिद के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि अब्दुल की सोची समझी साजिश के तहत हत्या की गई है। उसके शव पर चोट के निशान भी हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। जिस युवक पर परिजनों ने शक जताया है, उसकी तलाश चल रही है। पूरी स्थिति उसके हिरासत में लेने पर ही स्पष्ट होगी।