साहिबाबाद। कोतवाली क्षेत्र में एक हैकर ने फार्मा कंपनी के परचेज मैनेजर अनन्त कुमार का फोन हैक कर उनके खाते से 53 हजार की एनर्जी ड्रिंक खरीद ली। ईमेल पर ऑनलाइन फूड एप से नाेटिफिकेशन आने के बाद ठगी का पता चला। पुलिस ने ठगी का मुकदमा दर्ज किया है।
उनका कहना है कि 25 जून को उनका ईमेल ऑनलाइन फूड डिलीवरी एप से हैक किया गया। उसके बाद ऑनलाइन वॉलेट से पहली ट्रांजेक्शन 260 रुपये की हुई। फिर 15 हजार और 20 हजार रुपये के साथ कुल सात बार में हैकर ने साहिबाबाद, इंदिरापुरम व अन्य जगहों से एनर्जी ड्रिंक व कोल्ड ड्रिंक खरीदी। तीन दिन बाद वह कंपनी की तरफ से बाहर गए थे। वहां पर ऑनलाइन खाता देखकर उन्हें इसका पता चला। साहिबाबाद एसीपी भास्कर वर्मा का कहना है कि ठग व हैकर का साइबर सेल टीम पता कर रही है।