मुरादनगर। बसंतपुर सैंथली स्थित लैंडक्राफ्ट मैट्रो होम्स सोसायटी में बिना स्टीकर लगी कार को रोकने पर डॉक्टर ने गार्ड की बेरहमी से पिटाई कर दी। गार्ड के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने गार्ड की पिटाई करने वाले डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बसंतपुर सैंथली गांव के पास लैंडक्राफ्ट मैट्रो होम्स सोसायटी है। बताया गया है कि सोसायटी में रहने वाले लोगों के वाहनों पर स्टीकर लगाया जाता है, जिससे की बाहरी वाहन बिना पूछताछ के अंदर ना जा सके। स्टीकर लगे वाहन को बिना पूछताछ के अंदर जाने दिया जाता है। रविवार रात करीब साढ़े दस बजे विजयनगर गाजियाबाद निवासी गार्ड पवन चौधरी की मुख्य गेट पर ड्यूटी थी। सोसायटी में रहने वाले डॉक्टर राजेश शर्मा अपनी कार से बाहर जा रहे थे, उनकी कार पर स्टीकर नहीं लगा था। गार्ड ने उनकी कार रूकवा कर पूछताछ की। इस पर राजेश शर्मा को गुस्सा आ गया, उन्होंने गाली गलौज करते हुए गार्ड की पिटाई कर दी। गार्ड की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि डॉ. राजेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। चिकित्सा जांच में शराब पीने की भी पुष्टि हुई है।