गाजियाबाद। राज्यकर विभाग के जोन-एक में पंजीकृत राठी स्टील एंड पावर लिमिटेड में जांच के दौरान नौ करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी गई। जीएसटी के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने कंपनी का करीब 16 करोड़ का माल सीज कर दिया है। टीम ने मौके से बड़ी संख्या में दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इनकी जांच के बाद जीएसटी चोरी की यह रकम और बड़ी हो सकती है। जोन-एक की अपर आयुक्त ग्रेड-2 सरिता सिंह के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान शाखा के संयुक्त आयुक्त जिलाजीत, राम गौड़ और उपायुक्त बीके दीपांकर समेत करीब 50 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजा गया। जांच में पाया गया कि सरिया और वायर रॉड बनाने व बिक्री करने वाली इस फर्म ने नौ करोड़ की आईटीसी क्लेम फर्जीवाड़ा करके ले लिया गया। राठी स्टील ने अपनी छद्म फर्में बना रखी थीं। इनके माध्यम से खरीद और बिक्री दर्शाकर टैक्स चोरी की जा रही थी। उपायुक्त बीके दीपांकर ने बताया कि जांच में पाया गया कि स्टॉक रजिस्टर नहीं बनाया गया। फिलहाल जांच में नौ करोड़ की चोरी पाए जाने पर 16 करोड़ का माल सीज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मौके से जब्त किए गए दस्तावेज और ऑनलाइन डाटा के आधार पर अग्रिम जांच शुरू कर दी गई है।