गाजियाबाद। 12.50 लाख रुपये उधार लेकर हड़पने का मामला सामने आया है। मामले में कौशल्या त्यागी ने विजेंद्र कुमार के खिलाफ मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। गोविंदपुरम निवासी कौशल्या त्यागी का कहना है कि उनके पति सदर तहसील गाजियाबाद में कार्यरत हैं। उनके साथ गोविंदपुरम के शताब्दीपुरम के ही रहने वाले विजेंद्र कुमार भी कार्यरत हैं। विजेंद्र कुमार ने कुछ दिन के लिए मदद के नाम पर उनके पति प्रवीण से 12.50 रुपये उधार मांगे। पति ने बैंक से ऋण लेकर 14 दिसंबर 2023 को विजेंद्र कुमार के खाते में रुपये भेज दिए। विजेंद्र ने चार जनवरी 2024 का चेक दिया लेकिन वह बाउंस हो गया। इसके बाद उन्होंने विजेंद्र से संपर्क किया तो उसने फोन बंद कर लिया। अब उनके पति को बैंक की किस्त जमा करनी पड़ रही हैं। इससे वह तनाव में हैं। इसी कारण 31 जनवरी 2024 को ड्यूटी से घर लौटते समय पति का एक्सीडेंट हो गया। एसीपी मसूरी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।