मोदीनगर। तिबड़ा मार्ग बाजार स्थित किराना स्टोर में रविवार सुबह आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। स्टोर की ऊपरी मंजिल पर सो रहा व्यापारी का परिवार आग में फंस गया। परिवार के सदस्यों को किसी तरह पड़ोसी की छत के सहारे बाहर निकाला। दमकल की तीन गाड़ी मौके पर पहुंचीं और लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू किया।
व्यापारी सोहनलाल का तिबड़ा मार्ग बाजार में किराना स्टोर है। स्टोर के ऊपर ही कारोबारी का परिवार रहता है। शनिवार रात व्यापारी पुत्र वरुण पत्नी और दो बच्चों के साथ सो रहे थे। बराबर वाले मकान में सोहनलाल के छोटे भाई ब्रजमोहन गुप्ता सो रहे थे। रविवार सुबह लगभग 3.30 बजे किराना स्टोर में तेज धमाके साथ धुआं उठने लगा। धमाके के कारण गहरी नींद में सो रहा व्यापारी का परिवार जाग गया। देखते ही देखते किराना स्टोर से आग की ऊंची ऊंची लपटें निकलने लगीं। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और ऊपरी मंजिल भी आग की चपेट में आ गई।
ब्रजमोहन गुप्ता ने बताया कि आग रसोई घर तक पहुंच गई। चीख सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। वरुण ने साहस जुटा कर आग में घिरे परिवार को पड़ोसी की छत के सहारे बाहर निकाला। बचाव कार्य के दौरान आग की चपेट में आकर वरुण मामूली रूप से झुलस गए। मोदीनगर फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके बावजूद भी आग बढ़ती गई। आग बेकाबू होती देख मुरादनगर व गाजियाबाद कोतवाली से भी दमकल की दो गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद आग को काबू किया जा सका।
एफएसओ अमित कुमार ने बताया कि शॉट सर्किट के कारण किराना स्टोर में आग लगी। आग ऊपरी मंजिल तक पहुंच गई थी। तीन गाड़ियों की मदद से आग को काबू कर लिया गया। आग से कोई जनहानि नहीं हुई। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।