मसूरी। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम करीब चार बजे हवा-हवाई रेस्तरां के पास घास से भरे माल वाहक वाहन (पिकअप) का चालक उसका पंक्चर टायर बदलने लगा। इसी दौरान दिल्ली से मेरठ की ओर नींबू लेकर जा रहे दूसरा पिकअप पीछे से उसमें टकरा गया। हादसे में पहले से खड़ी पिकअप में सवार चार लोग घायल हो गए।
एसीपी मसूरी नरेश कुमार ने बताया कि वेव सिटी के डासना रघुनाथपुर निवासी प्रवीण शर्मा पिकअप में घास भरकर मेरठ में किसी अधिकारी के आवास पर जा रहे थे। उनके वाहन में चार लोग भी बैठे थे। एक्सप्रेसवे पर उनका वाहन पंक्चर हो गया। वह वाहन को सड़क किनारे खड़ा करके टायर बदलने लगे। इसी दौरान उनकी पिकअप में पीछे से आई दूसरी पिकअप ने टक्कर मार दी।इस दौरान पिकअप सवार डासना उस्मान कॉलोनी निवासी रिहाना (19), सोहेल (20), सोहना (19) और आफरीन (15) घायल हो गए। घायलों को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीछे से टकराए पिकअप के चालक बुलंदशहर के स्याना फरीदाबांगर निवासी अजय दिल्ली से नींबू लेकर मेरठ जा रहे थे।