कौशांबी। भोवापुर में 15-16 अगस्त की रात ट्रक चालक के बंद कमरे में पड़ोसी किरायेदार ने एलईडी, नकदी और चांदी की पायल चोरी कर ली। घटना के दौरान आरोपी एलईडी ले जाता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। आरोप है कि उन्होंने आरोपी के साथ रह रही महिला को थाने ले जाकर पुलिस को सौंपा था, लेकिन पुलिस ने उनसे कहा कि इसकी क्या गलती है । उन्होंने मामले में शिकायत देकर चोरी का मुकदमा कराया है।
भोवापुर में रहने वाले जितेंद्र सिंह ट्रक चालक हैं जबकि पत्नी आशा घर का काम करती हैं। बेटे राहुल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की रात परिवार के सदस्य मकान के दूसरे तल पर अपने कमरे में सो रहे थे। उनका एक कमरा पहले तल पर था। रात में खाना खाने के बाद परिवार ने उसका गेट बंद कर दिया था। आरोप है कि पड़ोसी किरायेदार आर्यन गेट खोलकर एलईडी, अलमारी से 20 हजार की नकदी, चांदी की पायल और अन्य सामान चोरी कर लिया।
मकान के पास सीसीटीवी कैमरे में वह एलईडी ले जाता कैद हो गया। सुबह में परिवार के सदस्य नींद से जागे और कमरे में जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो उसमें आरोपी नजर आया। राहुल का कहना है कि चोरी के बाद आरोपी भाग गया। उसके साथ रहने वाली महिला को पकड़कर थाने ले गए। पुलिस से चोरी के बारे में बताया तो उनसे कहा गया कि महिला की क्या गलती है। उससे आरोपी के बारे में पूछताछ की और न कार्रवाई हुई। इस मामले में कौशांबी पुलिस का कहना हे कि महिला को थाने लाने के बारे में जानकारी नहीं है।
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि आरोपी को ट्रेस कर जल्द से जल्द पकड़कर सामान बरामद का प्रयास किया जाएगा।