साहिबाबाद। शालीमार गार्डन क्षेत्र में राजेंद्रनगर चौकी से 500 मीटर दूर सेक्टर-3 में शाम करीब साढ़े सात बजे घर के बाहर टहल रहीं बुजुर्ग महिला से लुटेरों ने सोने के कुंडल लूट लिए। तेजी से झटका मारने पर उनके दोनों कान फट गए और खून बहने लगा। शोर मचाने पर उन्हें परिवार और स्थानीय लोग अस्पताल ले गए। दोनों कान में 17 टांके लगे हैं। पुलिस लूट का मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल के पास सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
निजी कंपनी के ऑफिस से सेवानिवृत प्रताप सिंह पुंडीर ने बताया कि उनकी पत्नी सौकारी देवी रोजाना शाम को खाना खाकर घर के बाहर टहलती हैं। शाम साढ़े सात बजे भी वह अकेली टहल रही थीं। तभी गली में बाइक पर सवार दो लोग बार-बार आ-जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया था लेकिन जैसे ही पत्नी राजेंद्रनगर सेक्टर-3 में वैदेही पार्क के कट पर पहुंचीं तो पीछे से लुटेरे ने दोनों कान पकड़कर तेजी से झटका मारकर सोने के कुंडल लूट लिए। लूट के दौरान उनके कानों से खून बहने लगा। वह कुछ समझ पातीं कि वह भागकर दूसरे लुटेरे के साथ बाइक पर भाग गया। सौकारी रोते हुए खून से लथपथ घर पहुंची तो परिवार के होश उड़ गए। उन्हें तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने घायल के कानों का इलाज किया। छोटी सर्जरी में उनके एक कान में 12 जबकि दूसरे कान में पांच टांके लगे।
शुक्रवार को भी वह डॉक्टर के पास गए और जांच कराकर घर लौट आए। सूचना पर शालीमार गार्डन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा में लापरवाही बरतने के बाद सीसीटीवी खंगालने में जुट गई। पीड़ित का कहना है कि लुटेरे कैमरे में नजर नहीं आ रहे हैं। फिलहाल पत्नी दोनों कान फटने के बाद दर्द से परेशान हैं। डॉक्टर ने उन्हें आराम की सलाह दी है।
एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि सोसायटी के आसपास कैमरों को चेक कर रहे हैं। जांच में आया कि घटना में लाल और पीले रंग की बाइक का इस्तेमाल हुआ है। दोनों लुटेरों की पहचान के लिए टीम लगी हैं।