कौशांबी। वैशाली सेक्टर-4 में बुधवार को महागुन मॉल के पास हाईस्पीड बाइक पर सवार लुटेरे ने विश्वविद्यालय में प्रकाशित होने वाले पत्र की संपादक के गले से सोने की चेन लूट ली। वह पैदल ही मॉल में खरीदारी करने जा रही थीं। उन्होंने लुटेरे का पीछा किया लेकिन वह चेकपोस्ट के पास से निकलकर भाग गया। कौशांबी पुलिस ने सूचना पर मॉल के कैमरे से लुटेरे की फुटेज कब्जे में ली। पुलिस ने शिकायत पर लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदिरापुरम के न्यायखंड-एक में रहने वालीं लवलीन बांगा एक निजी विश्वविद्यालय में प्रकाशित पत्र की संपादक हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर पौने एक बजे वह अकेले ही पैदल वैशाली के महागुन मॉल में जा रही थीं। पेट्रोल पंप वाली गली के पीछे जैसे ही मॉल परिसर के पास पहुंची तो पीछे से हाईस्पीड बाइक पर आए लुटेरे ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। उन्होंने शोर मचाकर पीछा किया लेकिन वह पुलिस चेकपोस्ट वाली लेन से भाग निकला। उन्होंने राहगीर की मदद से डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मॉल के कैमरे चेक किए। उसमें लुटेरा लाल चेक शर्ट में बाइक पर खड़ा दिखा। टीम ने उसकी बाइक का नंबर पता किया लेकिन वह तस्वीर में साफ नहीं आ रहा था। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि लुटेरे को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कौशांबी और इंदिरापुराम कोतवाली क्षेत्र में चेन और फोन लूटने की घटना कबूल की है।