कौशांबी। वैशाली में भाजपा पार्षद राजकुमार भाटी के कार्यालय के सामने बदमाश ने बुजुर्ग अनिल कुमार जायसवाल से सोने की चेन और लाॅकेट छीन लिया। वह मार्केट से सामान लेने जा रहे थे। बदमाश बाइक पर बिना हेलमेट के था। उन्होंने बदमाश को पकड़ने के लिए शोर मचाया लेकिन वो मेट्रो स्टेशन की तरफ भाग गया। घटना चार अगस्त के शाम छह बजे की है। पुलिस ने उन्हें जांच का आश्वासन देकर मामले में तीसरे दिन मुकदमा दर्ज किया। वहीं, इंदिरापुरम कोतवाली के पास महिला के गले से बदमाशों ने सोने की चेन व लॉकेट छीन लिया। वह पिता के साथ बेटे को टीका लगवाने जा रही थीं। दोनों घटनाओं में पुलिस फुटेज से बदमाशों की पहचान कर रही है।
वैशाली सेक्टर-7 के कोरल हाइट टावर के 73 वर्षीय अनिल कुमार जायसवाल ने बताया कि चार अगस्त की शाम छह बजे बाजार से सामान लेने गए थे। जैसे ही वह भाजपा पार्षद राजकुमार भाटी के कार्यालय के पास रामप्रस्था ग्रीन गेट नंबर-3 के सामने पहुंचे तो पीछे से बाइक सवार बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन व लॉकेट छीन लिया। कुछ सेकंड तक उन्हें पता नहीं चला लेकिन जैसे ही बदमाश के उनके बराबर से तेजी में बाइक लेकर भागा तो उन्होंने शोर मचाकर बदमाश को पकड़ने में मदद मांगी। उन्होंने वैशाली चौकी पर जाकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें जांच का आश्वासन देकर घर भेज दिया। दो-तीन बार चक्कर काटने के बाद कौशांबी थाने में बुधवार को बीएनएस की धारा-304(2) के तहत छिनैती का मुकदमा दर्ज किया।
सड़क पर डेढ़ साल के बेटे को लेकर गिरते-गिरते बची महिला :
वसुंधरा निवासी गजेंद्र सिंह ने बताया कि वह पांच अगस्त की शाम छह बजे बेटे शिवानी सिंह के साथ अपने धेवते पार्थ को टीका लगवाने डॉक्टर के पास गए थे। जैसे ही दोनों सेक्टर-6 में रिचमंड पार्क सोसायटी के पास पहुंचकर पैदल आगे जा रहे थे। तो पीछे से स्कूटी सवार बदमाश ने शिवानी के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया। घटना के दौरान उनकी गोद में पार्थ था। गनीमत रही कि वह झटका लगने पर उन्हें पिता गजेंद्र सिंह ने सड़क पर गिरने से बाल-बाल बचा लिया। दोनों ने शोर मचाकर लोगों से बदमाश को पकड़ने के लिए मदद मांगी लेकिन वो तब तक दूर भाग चुका था। उसके बाद दोनों घबराकर घर चले गए।
उनका कहना है कि रिश्तेदार में एक घटना होने के कारण वह पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दे पाए थे। अगले दिन इंदिरापुरम कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर घर भेज दिया। बृहस्पतिवार को उन्हें छिनैती की धारा में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई। शिवानी का कहना है कि वह और पिता छोटे बच्चे की वजह से बदमाश की स्कूटी का नंबर नहीं दे पाए थे। पुलिस ने घटनास्थल पर बदमाश की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है।
दोनों घटनाओं में छिनैती का मुकदमा दर्ज कर बदमाशों को पहचान कर ट्रेस करने का काम चल रहा है। लोकेशन मिलने पर जल्द बदमाशों को दबोचकर चेन और लॉकेट बरामद करने में प्रयास किया जाएगा।
- निमिष पाटिल, डीसीपी