मोदीनगर। गिन्नी देवी मोदी गर्ल्स कॉलेज में बिना यूनिफॉर्म पहुंची छात्राओं को रोका। संवाद
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित गिन्नी देवी मोदी गर्ल्स पीजी कॉलेज में सोमवार को बिना यूनिफाॅर्म पहुंची 15 छात्राओं को कॉलेज में प्रवेश नहीं दिया गया। प्रवेश नहीं मिलने से गुस्साई छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्राओं को समझा बुझाकर शांत कराया।
गिन्नी देवी मोदी गर्ल्स पीजी कॉलेज पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में बना हुआ है। कभी शिक्षक प्राचार्या पर मनमानी का आरोप लगा रहे हैं तो कभी प्रबंधन। छात्राएं कॉलेज में ड्रेस कोड बदलने की मांग को लेकर पहले भी हंगामा कर चुकी हैं। सोमवार को लगभग 15 छात्राएं बिना यूनिफार्म के कॉलेज पहुंची। बिना यूनिफॉर्म के पहुंची छात्राओं को कॉलेज में प्रवेश नहीं दिया गया। इससे छात्राओं ने कॉलेज में हंगामा शुरू कर दिया। वहीं, कॉलेज प्राचार्या डॉ. वंदना शर्मा का कहना है कि कॉलेज में अनुशासनहीनता नहीं होने दी जाएगी। कॉलेज की यूनिफॉर्म निर्धारित है। बिना यूनिफाॅर्म किसी को कॉलेज में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। छात्राएं किसी के बहकावे में न आकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें।